दुबई: अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में हुई ताजा झड़प में एक भारतीय मालवाहक जहाज क्रॉसफायरिंग की चपेट में आ गया। इस घटना में गुजरात के एक नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार 17 अन्य भारतीय क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचाया गया।
मारे गए नाविक की पहचान अल्ताफ तालाब केर के रूप में हुई है। वे गुजरात के द्वारका जिले के जाम सलाया कस्बे के रहने वाले थे। जहाज ‘अल फैज नूर सुलेमानी’ दुबई से यमन की ओर माल लेकर जा रहा था, जब यह हमले में फंस गया।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, घटना के समय अल्ताफ जहाज के इंजन रूम के पास थे। गोलीबारी में जहाज को भारी क्षति पहुंची और वह डूबने लगा। दूसरे जहाज ‘प्रेम सागर’ ने मौके पर पहुंचकर बाकी 17 क्रू सदस्यों को रेस्क्यू किया। सभी को शुक्रवार शाम दुबई लाया गया।
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने घटना की पुष्टि करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। वाणिज्य दूतावास ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “समुद्र में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। हम जहाज के मालिक के संपर्क में हैं और प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।”
इंडियन सेलिंग वेसेल्स एसोसिएशन के महासचिव आदम भाया ने बताया कि जहाज पर सवार सभी 18 सदस्य भारतीय थे। उन्होंने दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास को पत्र लिखकर मृतक नाविक के अंतिम संस्कार में सहायता मांगी है।
यह घटना समुद्री क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच हुई है, जिससे भारतीय नाविक समुदाय में चिंता बढ़ गई है।
रिपोर्ट :सुरेंद्र कुमार

