पाकिस्तान समेत 31 देशों के पायलटों पर इजरायल के ऊपर उड़ान भरने का प्रतिबंध, एयर फ्रांस ने दिया आदेश

तेल अवीव: एयर फ्रांस ने इजरायल के नए निर्देशों का पालन करते हुए पाकिस्तान सहित 31 देशों के पायलटों और केबिन क्रू पर इजरायल जाने या उसके हवाई क्षेत्र से उड़ान भरने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इनमें ज्यादातर मुस्लिम बहुल देश शामिल हैं।

इस सूची में पाकिस्तान के अलावा ईरान, ओमान, सऊदी अरब, अल्जीरिया, ट्यूनीशिया, नाइजर जैसे देश हैं। इजरायल के परिवहन और सड़क सुरक्षा मंत्रालय ने 1 अक्टूबर को विदेशी एयरलाइनों को निर्देश दिया था कि इजरायली हवाई क्षेत्र में उड़ान भरने वाले पायलटों और केबिन क्रू के पास उन देशों की नागरिकता या दोहरी नागरिकता नहीं होनी चाहिए, जिनके इजरायल के साथ राजनयिक संबंध नहीं हैं।

एयर फ्रांस ने अल जजीरा को दिए बयान में कहा, “सभी एयरलाइनों की तरह एयर फ्रांस को भी उन देशों के अधिकारियों द्वारा तय प्रवेश नियमों का पालन करना जरूरी है, जहां वह सेवाएं देती है। संबंधित कर्मचारियों को तेल अवीव जाने वाली उड़ानों के लिए लागू नए नियमों की जानकारी दे दी गई है।”

यह फैसला 30 सितंबर को हुई फ्लाईदुबई की फ्लाइट 1073 की घटना के एक दिन बाद आया। दुबई से तेल अवीव जा रही इस उड़ान में ओमान के को-पायलट हमाम अल-हमामी ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया था। उन्होंने विमान को इजरायल के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर क्रैश कराने की कोशिश की। कैप्टन मच्छार ने घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोला, यात्रियों ने हमलावर को काबू किया और रिजर्व पायलटों ने विमान को सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कराई। इस फ्लाइट में 174 यात्री सवार थे।

इजरायल के इस निर्देश का असर दर्जनों एयरलाइनों पर पड़ सकता है। चेक गणराज्य की स्मार्टविंग्स ने भी निर्देश मिलने और पालन करने की पुष्टि की है। यूनाइटेड एयरलाइंस ने इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की। कई अन्य एयरलाइंस भी इन नियमों का पालन शुरू कर चुकी हैं।

यह प्रतिबंध उन देशों के नागरिकों पर लागू है जिनके इजरायल के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं। इसमें दोहरी नागरिकता वाले कर्मचारी भी शामिल हैं।

रिपोर्ट :सुरेंद्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!