मुंबई (मानखुर्द): मुंबई के मानखुर्द इलाके में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। जनता नगर की पांचवीं गली में स्थित तीन मंजिला आरसीसी इमारत अचानक ढह गई और बगल में बने टीन के मकान पर गिर पड़ी। इस हादसे में एक महिला और उसके पांच मासूम बच्चों समेत कुल 6 लोगों की मौत हो गई।

खाली कर दिया था मकान, फिर भी… इमारत में सुबह से ही टाइल्स और प्लास्टर टूट-टूटकर गिर रहे थे। किरायेदारों को पहले ही अंदेशा हो गया था, इसलिए सभी ने समय रहते मकान खाली कर दिया था। इससे बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इमारत के बगल वाले टीन के घर में रहने वाली एक महिला अपनी सुरक्षा तो बचा ली, पर बच्चों की भूख नहीं बचा सकी।
शाम को बच्चों के भूख लगने पर महिला खाना बनाने के लिए दोबारा टीन के घर में चली गई। इसी दौरान पड़ोस की एक छोटी बच्ची भी खेलते-खेलते उनके घर पहुंच गई। महिला खाना बना ही रही थी कि अचानक तीन मंजिला इमारत भरभराकर उनके घर पर ढह गई। पूरा टीन का मकान मलबे में तब्दील हो गया।
घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस, दमकल और NDRF की टीमों ने घंटों तक मलबा हटाकर सभी छह शवों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक सभी की मौत हो चुकी थी।
मुख्यमंत्री का ऐलान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को प्रत्येक के लिए 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
संभावित कारण प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इमारत पुरानी थी और उसमें दरारें आ चुकी थीं। बावजूद इसके मरम्मत या तोड़ने का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
Report :Surendra kumar

