मुंबई: लगातार हो रही भारी बारिश और भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ऑरेंज व रेड अलर्ट को देखते हुए मुंबई, पुणे, ठाणे और पालघर जिलों में आज 6 जुलाई 2026 को सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया गया है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने रविवार शाम एक विज्ञप्ति जारी कर बताया कि छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सरकारी, निजी और नगर निगम के सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। IMD ने मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें भारी से अत्यधिक भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है।
मुंबई यूनिवर्सिटी ने स्थगित की सभी परीक्षाएं
IMD की भारी बारिश की चेतावनी और छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मुंबई यूनिवर्सिटी ने आज निर्धारित सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। यूनिवर्सिटी के परीक्षा एवं मूल्यांकन बोर्ड ने रविवार को जारी परिपत्र में कहा कि संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
पुणे, ठाणे और पालघर में भी छुट्टी
पुणे जिले में रेड अलर्ट जारी होने के बाद जिलाधिकारी जितेंद्र डूडी ने सभी स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। ठाणे और पालघर जिलों में भी इसी तरह के परामर्श जारी किए गए हैं।
पिछले दिनों की स्थिति
मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है, जिससे सड़कों पर जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाएं हुई हैं। 30 जून से अब तक इन घटनाओं में एक स्कूली छात्र समेत तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
प्रशासन की अपील: सरकारी और निजी दफ्तर सामान्य रूप से काम करेंगे, लेकिन लोगों से अनुरोध है कि वे केवल जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलें।
Report :Surendra kumar

