दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 7 पर जोरदार प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेना शुरू किया। इसी दौरान एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव रितु बराला को भी बस में बिठाया गया। बस के अंदर रितु बराला और एक महिला पुलिसकर्मी के बीच जमकर हाथापाई हो गई। वायरल वीडियो में दोनों एक-दूसरे के बाल खींचते, थप्पड़ मारते और धक्का-मुक्की करते नजर आ रहे हैं।

यह घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे की है। रितु बराला का आरोप है कि महिला पुलिसकर्मी ने पहले उन पर हमला किया। घटना के बाद उनका मेडिकल कराया गया। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने पुलिस के इस व्यवहार को अमानवीय और शर्मनाक बताया।
इसके बाद रितु बराला दिल्ली में राहुल गांधी के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी नजर आईं। कांग्रेस नेता ने उनके हौसले की तारीफ की।
कौन हैं रितु बराला?
रितु बराला राजस्थान के झुंझुनूं जिले के ‘बारी का बास’ गांव की रहने वाली हैं। एक साधारण किसान परिवार से आने वाली रितु जयपुर के महारानी कॉलेज की पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रह चुकी हैं। वह इंटरनेशनल ताइक्वांडो खिलाड़ी और एनसीसी कैडेट भी रह चुकी हैं। अपने जुझारूपन के दम पर वह एनएसयूआई की राष्ट्रीय सचिव तक पहुंचीं।
रितु पहले भी विवादों में चर्चा में रही हैं। एक बार दिल्ली जाते समय टोल प्लाजा पर कर्मचारियों से तीखी झड़प हुई थी, जिसमें उन्होंने टोल बैरियर हटाकर गाड़ियों को जबरन निकलवाया था। उस घटना के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें ‘टोल टैक्स उखाड़ने वाली दबंग लड़की’ के नाम से जाना जाने लगा था।
रिपोर्ट :सुरेंद्र कुमार

