AIMIM पार्षद मतीन माजिद पटेल गिरफ्तार, निदा खान को दी थी पनाह

नासिक/छत्रपति संभाजीनगर: टीसीएस नासिक धर्मांतरण और यौन उत्पीड़न मामले में मुख्य आरोपी निदा खान को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने दावा किया है कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के पार्षद मतीन माजिद पटेल ने निदा खान और उसके परिवार को छत्रपति संभाजीनगर में छिपाकर रखा था। पटेल को इस मामले में आरोपी बनाया गया है।

नासिक पुलिस आयुक्त संदीप कार्णिक ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर छत्रपति संभाजीनगर पुलिस आयुक्त प्रवीण पवार की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर निदा खान को नारेगांव इलाके से गिरफ्तार किया। मतीन पटेल को नगर निकाय चुनावों में दी गई सुरक्षा शुल्क की समीक्षा के बहाने थाने बुलाया गया। लगातार पूछताछ के बाद पटेल ने निदा खान के ठिकाने का खुलासा कर दिया।

गिरफ्तारी के समय निदा खान (27) के साथ उसके पिता एजाज बशीर (52), मां नीलोफर एजाज (44), भाई मोहम्मद एजाज (20) और रिश्तेदार नूरजहां शेख अली (44) भी मौजूद थे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यह साफ है कि AIMIM पार्षद का निदा खान को छिपाने में हाथ था। इस सबके पीछे कौन था, इसका पता लगाया जाएगा। क्या वे धर्मांतरण रैकेट में शामिल हैं? क्या उन्होंने मदद की? जांच से सब सामने आएगा।”

नासिक पुलिस आयुक्त संदीप कार्णिक

पुलिस अब पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और यह देखा जा रहा है कि निदा खान के गिरोह को किस-किस ने संरक्षण दिया था।

रिपोर्ट :सुरेंद्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!