मुंबई पुलिस की वैन का दरवाजा खोलकर छात्रों को छुड़ाया, वायरल वीडियो में दिखा ड्रामा

मुंबई: दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में मुंबई में चल रहे प्रदर्शनों के दौरान एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मुंबई पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारी छात्रों को हिरासत में लेकर वैन में भरा था, तभी एक युवक ने वैन का दरवाजा खोल दिया और सभी छात्र बाहर निकल आए।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि पुलिस वैन पूरी तरह छात्रों से भरी हुई है। जैसे ही वैन सड़क पर आगे बढ़ रही थी, आसपास खड़े एक युवा ने तुरंत दरवाजा खोल दिया। हिरासत से छूटते ही छात्र एक-एक करके नीचे उतरे और उनके समर्थकों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। कुछ लोग इस घटना का वीडियो बनाने में जुटे नजर आए।

छात्र आंदोलन का बढ़ता विरोध

यह घटना 18 जुलाई से मुंबई में चल रहे छात्र प्रदर्शनों के सिलसिले में हुई। दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व वाले छात्र आंदोलन के समर्थन में मुंबई के शिवाजी पार्क, चैत्यभूमि, चेंबूर और शिवसेना भवन समेत कई जगहों पर बिना अनुमति प्रदर्शन किए गए।

मुंबई पुलिस ने गैरकानूनी जमावड़े और निषेधाज्ञा उल्लंघन के आरोप में 13 मामले दर्ज किए हैं तथा करीब 400 लोगों को नामजद किया गया है। कई प्रदर्शनकारियों को नोटिस जारी कर छोड़ दिया गया है।

दो राय

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर दो खेमे बन गए हैं। एक तरफ छात्रों का समर्थन करने वाले इसे “लोकतांत्रिक अधिकार” और “साहसिक कार्य” बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कई लोग इसे अराजकता और कानून व्यवस्था की चुनौती करार दे रहे हैं।

पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली है, जिसमें लोक सेवक के आदेश की अवहेलना, रास्ता रोकना और गैरकानूनी जमावड़ा शामिल है।

रिपोर्ट :सुरेंद्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!