डिंपल यादव ने घायल छात्रों की मदद कर दिखाई मानवता, BJP विधायक केतकी सिंह ने की खुलकर तारीफ

नई दिल्ली/लखनऊ: नीट पेपर लीक मामले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के दौरान घायल छात्रों की मदद करने वाली समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव की सराहना विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष से भी हो रही है।

BJP विधायक केतकी सिंह ने की डिंपल यादव की प्रशंसा

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की बांसडीह विधानसभा सीट से भाजपा विधायक केतकी सिंह ने डिंपल यादव की मुक्त कंठ से तारीफ की है। केतकी सिंह ने कहा कि डिंपल यादव ने संकट की इस घड़ी में मानवता का बेहतरीन उदाहरण पेश किया है।

केतकी सिंह का बयान:
“दिल्ली के जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान घायल छात्रों की मदद कर सपा सांसद डिंपल यादव ने मानवता का परिचय दिया है। संकट की घड़ी में इंसानियत दिखाने वाला हर व्यक्ति तारीफ के काबिल होता है।”

“दुख की घड़ी में राजनीति नहीं, मानवता पहले”

भाजपा विधायक केतकी सिंह ने आगे कहा,
“उस समय यदि कोई भी मां, महिला या जनप्रतिनिधि वहां मौजूद होता, तो वह भी वही करता जो डिंपल यादव ने किया। दुख और संकट की घड़ी में राजनीति नहीं, बल्कि मानवता सबसे पहले होनी चाहिए। जो भी इंसानियत दिखाता है, उसकी तारीफ होनी चाहिए।”

क्या था मामला?

20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों के साथ हुई झड़प में कई छात्र घायल हो गए थे। इन घायल युवाओं की मदद करते हुए डिंपल यादव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं। डिंपल यादव अखिलेश यादव की पत्नी और समाजवादी पार्टी की लोकसभा सांसद हैं।

केतकी सिंह की इस प्रतिक्रिया को राजनीतिक गलियारों में सकारात्मक संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जहां विपरीत विचारधारा रखने वाले नेता भी मानवीय संवेदना पर एकमत नजर आ रहे हैं।

रिपोर्ट :सुरेंद्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!