सोनम वांगचुक के समर्थन में मुंबई में युवाओं का बड़ा प्रदर्शन, शिवाजी पार्क पर सड़कों पर उतरे हजारों छात्र

मुंबई: सोनम वांगचुक के समर्थन में रविवार को मुंबई में बड़ी संख्या में युवा और छात्र सड़कों पर उतर आए। शिवाजी पार्क में जहां एक ओर उद्धव ठाकरे के समर्थक प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं युवाओं ने अलग से अपना स्वतंत्र आंदोलन आयोजित किया।

प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की। युवाओं का स्पष्ट कहना था कि यह आंदोलन पूरी तरह छात्रों और युवाओं की अपनी पहल है और इसका किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है।

प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने कहा, “हमारा मकसद सिर्फ न्याय की मांग करना है। सोनम वांगचुक जैसे पर्यावरणविद् और शिक्षक के साथ जो व्यवहार किया गया है, वह बेहद चिंताजनक है। हम शिक्षा व्यवस्था में सुधार और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर भी सरकार से जवाब चाहते हैं।”

शिवाजी पार्क क्षेत्र में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया गया। युवाओं ने पोस्टर्स और बैनर लेकर नारे लगाए। उन्होंने सरकार से अपील की कि इस मामले को राजनीतिक रंग न दिया जाए और पूरी घटना की स्वतंत्र जांच हो।

यह प्रदर्शन लद्दाख के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के हालिया विवादास्पद मुद्दे के बाद आया है, जिसने पूरे देश में चर्चा छेड़ दी है। मुंबई के युवाओं का यह आंदोलन जल्द ही अन्य शहरों में भी फैलने की संभावना जताई जा रही है।

सरकार की ओर से अभी तक इस प्रदर्शन पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

रिपोर्ट :सुरेंद्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!