नवरात्रि से पहले पाला बदलने की अटकलें तेज, उद्धव ठाकरे अलर्ट; विधायकों को एजेंट के फोन रिकॉर्ड करने का निर्देश
मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर ‘ऑपरेशन टाइगर’ की अटकलें जोर पकड़ रही हैं। उद्धव ठाकरे गुट के छह सांसदों के पहले पाला बदलने के बाद अब विधायकों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। सूत्रों के अनुसार, उद्धव ठाकरे गुट के 14 विधायक नवरात्रि से पहले एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों का दावा है कि ये सभी 14 विधायक उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सांसद श्रीकांत शिंदे के संपर्क में हैं। शिंदे ने इन विधायकों को अपनी शिवसेना में लाने के लिए कोंकण, मराठवाड़ा और पश्चिम महाराष्ट्र के तीन मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
इन 14 में से छह विधायकों ने सरकार में अच्छे मंत्रालय और कैबिनेट मंत्री पद की मांग की है। कुछ अन्य विधायकों को महामंडल का अध्यक्ष पद या राज्य मंत्री का दर्जा देने को लेकर पार्टी के अंदर बातचीत अंतिम चरण में बताई जा रही है। ऐसे में इनके पाला बदलने की संभावना बढ़ गई है।
इस पूरे घटनाक्रम से उद्धव ठाकरे भी अलर्ट हो गए हैं। उन्होंने अपने विधायकों को निर्देश दिया है कि अगर कोई एजेंट फोन करे तो उसे रिकॉर्ड कर लें। महाराष्ट्र की सत्ताधारी महायुति में शिंदे गुट की मजबूती बढ़ाने वाली ये अटकलें राजनीतिक हलकों में खलबली मचाए हुए हैं।
रिपोर्ट : सुरेंद्र कुमार

