नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET-UG री-एग्जाम से ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को देशभर में फुल-स्केल मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस मेगा रिहर्सल के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित ढुलाई और अन्य सभी लॉजिस्टिक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप से परखा जा रहा है।
मॉक ड्रिल सुबह 9 बजे शुरू होकर रात 8 बजे तक चलेगी। देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में 5,500 से अधिक परीक्षा केंद्रों को हाई-सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया है। इन केंद्रों पर 2 लाख से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।
- उम्मीदवारों की संख्या: इस री-एग्जाम में 22.79 लाख से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
- उद्देश्य: 21 जून को होने वाली मुख्य परीक्षा को पूरी तरह सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना।
- NTA परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, प्रश्नपत्र परिवहन, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की तैयारियों को इस ड्रिल के जरिए परख रहा है।
NTA ने सभी संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को मॉक ड्रिल के दौरान पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। यह आयोजन हाल में NEET-UG परीक्षा में हुई अनियमितताओं के बाद पारदर्शिता और विश्वसनीयता बहाल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
परीक्षा 21 जून को निर्धारित समय पर होगी। उम्मीदवारों से अपील की गई है कि वे समय पर केंद्र पहुंचें और सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
रिपोर्ट :सुरेंद्र कुमार

