मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का 38 वर्ष की आयु में निधन….

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वे 38 वर्ष के थे।

प्रतीक यादव भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति थे। जानकारी के अनुसार, उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। उन्हें मृत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, प्रतीक यादव घर के किचन में अचेत अवस्था में मिले थे। सुबह करीब 4:55 बजे परिजनों ने अस्पताल को सूचित किया। एक हफ्ते पहले भी वे बीमारी के चलते लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
लखनऊ पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रतीक यादव का फोन पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और घर की परिस्थितियों का विवरण लिया जा रहा है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

सीएम योगी ने जताया शोक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “प्रतीक यादव जी का आकस्मिक निधन अत्यंत दुःखद है। विनम्र श्रद्धांजलि।”

कौन थे प्रतीक यादव?
प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे। वे अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। हालांकि खुद राजनीति से दूर रहे, लेकिन वे फिटनेस से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते थे।

अपर्णा यादव के साथ उनकी शादी 2021 में हुई थी (लंबे समय की रिलेशनशिप के बाद)। यह उत्तर प्रदेश की चर्चित शादियों में शामिल थी। प्रतीक यादव के निधन से यादव परिवार पर दुखों का नया पहाड़ टूटा है। पूरे राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है।

रिपोर्ट :सुरेंद्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!