इंदौर: एक बुजुर्ग महिला की शिकायत पर आजाद नगर पुलिस ने उनकी बेटी और दामाद के खिलाफ करीब 80 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बैंक लेन-देन और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई जिला न्यायालय के आदेश के बाद हुई है।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला के पति बिजली वितरण कंपनी में कार्यरत थे। नौकरी के दौरान उनका निधन हो गया था। इसके बाद विभाग की ओर से परिवार को लगभग 80 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और अन्य देय राशि मिली थी। महिला का आरोप है कि उनकी बेटी ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना बैंक खाते से पूरी रकम निकाल ली।

जब महिला को इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने बेटी से पैसे वापस मांगे। बेटी ने करीब 36 लाख रुपये लौटा दिए, लेकिन बाकी रकम लौटाने में लगातार टालमटोल करती रही। महिला का कहना है कि कई बार बातचीत और समझाने के बावजूद न तो पूरी राशि वापस की गई और न ही कोई संतोषजनक जवाब मिला।
परिवार के स्तर पर मामला नहीं सुलझने पर बुजुर्ग महिला ने जिला न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने अदालत में परिवाद दायर कर बेटी और दामाद के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने की मांग की। सुनवाई के बाद अदालत ने पुलिस को कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
कोर्ट के आदेश के पालन में आजाद नगर थाना पुलिस ने बेटी और दामाद के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जांच शुरू हो चुकी है। बैंक खातों के लेन-देन, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
डीसीपी नरेंद्र रावत ने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों की बारीकी से जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Report : Surendra kumar

