अरे सर आ गए आप! आधी रात को ‘मुसद्दा’ लेकर PM मोदी का वीडियो, संजय सिंह का तीखा तंज

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार की आधी रात पेपर लीक के मुद्दे पर एक वीडियो संदेश जारी किया। इस पर आम आदमी पार्टी (AAP) नेता संजय सिंह ने तीखा तंज कसते हुए कहा, “अरे सर आ गए आप! आपका टाइम तो 8 बजे का रहता है, आप तो आज 12 बजे प्रकट हुए महाराज। अच्छा आपको ‘मुसद्दा’ भी मिल गया, मैंने तो सोचा आपको मसौदा मिला होगा।”

पीएम मोदी ने अपने वीडियो संदेश में युवाओं और अभिभावकों को भरोसा दिलाया कि पेपर लीक की घटनाओं पर सरकार कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार (24 जुलाई) को कैबिनेट बैठक में फास्ट ट्रैक कोर्ट और कठोर सजा के प्रावधान वाला मसौदा पेश किया जाएगा।

संजय सिंह का हमला

संजय सिंह ने न केवल समय पर तंज कसा बल्कि सरकार की नीयत पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा,
“ये फास्ट ट्रैक कोर्ट की नौटंकी आप न करें। कोर्ट के सामने आपकी CBI सबूत ही नहीं रखेगी तो कोर्ट क्या कर लेगी? आज ही आपकी CBI ने कहा है कि पेपर लीक में पकड़े गए संजीव मुखिया के खिलाफ कोई सबूत नहीं है।”

संजय सिंह ने आगे कहा कि 2024 के पेपर लीक में CBI ने 90 दिन तक चार्जशीट ही दाखिल नहीं की और सारे पेपर चोर छूट गए।

पीएम मोदी ने क्या कहा?

वीडियो में पीएम मोदी ने कहा,
“मैं जानता हूं कि पेपर लीक मामूली विषय नहीं है। लाखों छात्र और उनके अभिभावकों के लिए बहुत पीड़ादायक है। गुनाहगारों को पकड़ा गया है, वे जेल में हैं। हमने छात्रों का एक साल बर्बाद नहीं होने दिया। 22 लाख छात्रों की परीक्षा का प्रबंध किया और नतीजे भी आ गए। लेकिन हम संतोष मानने वाले नहीं हैं।”

मोदी ने बताया कि विभागों को निर्देश दिए गए थे और देर रात मसौदा तैयार करके दिया गया है, जिस पर शुक्रवार को कैबिनेट में चर्चा होगी।

हालाँकि पूरा मामला पेपर लीक को लेकर विपक्ष और सरकार के बीच जारी सियासी घमासान को और तेज करता दिख रहा है।

रिपोर्ट :सुरेंद्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!