नई दिल्ली, 19 फरवरी 2026: टी-20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी चार मैच जीते और ग्रुप ए में टॉप पर रहकर सुपर-8 में जगह बनाई। +2.500 का सर्वश्रेष्ठ नेट रन रेट भी टीम इंडिया के नाम रहा। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में टीम को खिताब का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है, लेकिन कप्तान खुद मान चुके हैं कि “हमने अभी तक सभी बॉक्स टिक नहीं किए हैं।”

ग्रुप स्टेज के दौरान सामने आई कुछ कमजोरियां अब सुपर-8 में मजबूत टीमों के खिलाफ चिंता का सबब बन सकती हैं। आइए जानते हैं वे प्रमुख सवाल जो टीम मैनेजमेंट के लिए सिरदर्द बने हुए हैं:
- अभिषेक शर्मा का खराब फॉर्म
टूर्नामेंट से पहले पावरप्ले के विस्फोटक बल्लेबाज के तौर पर देखे जा रहे अभिषेक शर्मा अभी तक एक भी रन नहीं बना पाए हैं। अमेरिका के खिलाफ पहली गेंद पर आउट, नामीबिया के खिलाफ बीमारी के कारण नहीं खेले, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ कुल तीन गेंदें खेलीं। पिछले 7 इंटरनेशनल पारियों में 5 बार जीरो पर आउट होना उनकी फॉर्म पर सवाल उठा रहा है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि वे हर पारी में बाउंड्री से खाता खोलने की जल्दबाजी में आउट हो रहे हैं। - तिलक वर्मा की धीमी बल्लेबाजी
मिडिल ऑर्डर के भरोसेमंद तिलक वर्मा अच्छी शुरुआत के बावजूद तेज रन नहीं बना पा रहे। अमेरिका के खिलाफ 16 गेंद में 25 रन के बाद नामीबिया, पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के खिलाफ क्रमशः 21, 24 और 27 गेंदों पर सिर्फ 25-31 रन ही बना सके। उनकी स्ट्राइक रेट कम होने से दबाव अन्य बल्लेबाजों पर पड़ रहा है और टीम की रन रेट प्रभावित हो रही है। - ऑफ स्पिन के खिलाफ लगातार परेशानी
चारों मैचों में विरोधी टीम के स्पिनर्स ने भारतीय बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। अमेरिका के मोहम्मद मोहसिन-हरमीत सिंह, नामीबिया के गेरहार्ड इरासमस (4 विकेट), पाकिस्तान के साइम अयूब (3 विकेट) और नीदरलैंड्स के आर्यन दत्त ने भारतीय बल्लेबाजी को उजागर किया। सुपर-8 में दक्षिण अफ्रीका, वेस्टइंडीज जैसी टीमों के स्पिनर्स के सामने यह कमजोरी और खतरनाक साबित हो सकती है। - फील्डिंग में लगातार गलतियां
पाकिस्तान के खिलाफ 4 कैच टपके, नीदरलैंड्स के खिलाफ भी दो बल्लेबाजों को जीवनदान मिला। ग्रुप स्टेज में फील्डिंग भारतीय टीम की सबसे बड़ी कमजोरी बनकर उभरी है। सुपर-8 में छोटी-छोटी गलतियां महंगी पड़ सकती हैं। - डेथ ओवर्स में गेंदबाजी का संकट
नीदरलैंड्स के खिलाफ आखिरी 4 ओवर में 51 रन लुटे और सिर्फ 1 विकेट मिला। पूर्व तेज गेंदबाज मोहित शर्मा ने कहा कि डेथ ओवर्स में गेंदबाजी कौन करेगा, यह अभी भी बड़ा सवाल है। अक्षर पटेल बल्लेबाजी में 8वें नंबर पर हैं, लेकिन डेथ में गेंदबाजी का बोझ किस पर?
सुपर-8 की शुरुआत 21 फरवरी से हो रही है। भारत ग्रुप वन में वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के साथ है। पहला बड़ा मुकाबला 22 फरवरी को दक्षिण अफ्रीका से होगा।
टीम इंडिया के सामने अब चुनौती है कि इन कमजोरियों को जल्द से जल्द दूर कर फेवरेट टैग को खिताब में बदल दिया जाए। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी और रोहित-विराट की अनुपस्थिति में युवा टीम को इन सवालों के जवाब ढूंढने होंगे, वरना सेमीफाइनल से पहले ही सपने टूट सकते हैं।
रिपोर्ट :सुरेंद्र कुमार (मुंबई )

